top of page

Why Every Pregnant Woman Should Prepare for Labour and Childbirth

Kiran Kumari
10 minutes ago
3 min read
Woman in striped cardigan and cap writes on a phone and notebook while talking with a seated woman in a red scarf in a room.
Kiran provides support and guidance to a pregnant woman during a home visit.

मैं महिलाओं के साथ गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म के बाद दो साल (Project 1000 Days) तक लगातार काम करती हूँ, ताकि मां और बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार आ सके। इस पूरे समय में एक बहुत अहम हिस्सा होता है: प्रसव की तैयारी।


सुनने में यह एक साधारण बात लगती है, लेकिन फील्ड में काम करते हुए हमने बार-बार देखा है कि यही तैयारी सबसे ज्यादा नजरअंदाज हो जाती है। और जब इसकी ज़रूरत पड़ती है, तब तक अक्सर बहुत देर हो चुकी होती है।


एक बार मैं अपने कार्यक्षेत्र में एक धात्री महिला से मिली। वह अपने मायके आई हुई थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने प्रसव का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें दर्द शुरू हुआ, तो घर में किसी भी तरह की तैयारी नहीं थी। न गाड़ी की वव्यस्था थी, न पैसे अलग रखे गए थे, और न ही यह तय था कि सरकारी अस्पताल जाना है या प्राइवेट।


आखिरी समय में भाग-दौड़ शुरू हुई। गाड़ी ढूंढने में समय लगा। जब तक वे सरकारी अस्पताल पहुँचीं, तब तक पानी पहले ही निकल चुका था और स्थिति जटिल हो चुकी थी। उनके पास साफ कपड़े भी तैयार नहीं थे। जो छोटी-छोटी चीज़ें ज़रूरी होती हैं, उनके लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ा। और अंत में प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी हुई जिसमे बहुत खर्चा हो गया। जब वे यह सब बता रही थीं, तो उनके चेहरे पर परेशानी के साथ दुख भी था जैसे उन्हें खुद भी महसूस हो रहा हो कि अगर पहले से पता होता, तो यह सब टाला जा सकता था।


यह क़िस्सा सिर्फ एक महिला की नहीं है। यह हजारों महिलाओं की वास्तविकता है।


इसीलिए हमारे काम में सिर्फ खान-पान या जांच की बात नहीं होती। हम पूरे परिवार के साथ बैठकर प्रसव की तैयारी पर भी विस्तार से बात करते हैं। मैं उन्हें एक-एक करके समझाती हूँ कि अस्पताल जाने से पहले क्या-क्या तैयार रखना जरूरी है; आधार कार्ड, MCP कार्ड, और अन्य कागज़ात, साफ कपड़े, नवजात के लिए कपड़े, पैसे, गाड़ी की व्यवस्था, आशा कार्यकर्ता का नंबर, बिछाने के लिए साफ चादर, पीने के लिए साफ़ पानी, और साथ में खाने-पीने की छोटी व्यवस्था।


Hindi poster on miscarriage signs and care: pain, bleeding, fluid loss, hospital support, rest, transport, hygiene, condoms
ZealGrit's pocket card for community awareness

कई घरों में मैंने देखा है कि जब बात साफ तरीके से समझ में आती है, तो परिवार खुद एक बैग तैयार करके रख लेते हैं और अगली बार मुझे दिखाते हैं कि सब तैयार है।“आपने कहा था ना की सब कुछ तैयार रखना, देखिए इस झोले में सब कुछ हैं, कुछ रह गया तो बताइए” एक ससुर ने उत्सुकता के साथ मुझे सब दिखाया।


मैं उन्हें यह भी समझाती हूँ कि बच्चे के जन्म के बाद पहला घंटा बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस समय स्तनपान शुरू करना, कंगारू मदर केयर देना, और तीन टीकाकरण और वजन जैसी प्रक्रियाएं होती हैं। अगर यह सही समय पर न हो जाए, तो बच्चे के स्वास्थ्य और विकास पर इसका सीधा असर पड़ता है।


बातचित के दौरान कई सवाल भी सुनने में आते हैं, जैसे की एक महिला ने पूछा “अगर मैं बेहोश हो गई तो कंगारू मदर केयर कैसे कर पाऊँगी?” तब मैं उन्हें समझाती हूँ की यह परिवार का कोई भी सदस्य कर सकता है, ज़रूरी है की सही प्रकिर्या सुनिश्चित की जाए, जो मैं उन्हें विस्तार से समझाती हूँ।


मुझे बहुत ख़ुशी होती है, जब महिलाएं खुद अपने अनुभव साझा करती हैं। जैसे एक महिला ने कहा, “दीदी, आपने पहले से सब बता दिया था, इसलिए मुझे किसी चीज़ की दिक्कत नहीं हुई। डॉक्टर ने बाहर से दवा लाने को भी कहा, तो मेरे पास पैसे थे, सब आसानी से हो गया।" एक दूसरी महिला ने बताया कि जब नर्स बच्चे को ले जा रही थी, तो उन्होंने खुद कहा, “मुझे बच्चा दीजिए, मुझे कंगारू मदर केयर करना है।”


फील्ड में काम करते हुए यह साफ दिखता है कि प्रसव की तैयारी कोई छोटी चीज़ नहीं है। यह सिर्फ अस्पताल जाने की बात नहीं है, बल्कि समय, संसाधन और समझ, तीनों की तैयारी है। हमारे काम का मकसद सिर्फ जानकारी देना नहीं है, बल्कि लोगों को उस स्थिति के लिए तैयार करना है, जब उन्हें उसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी।


यही तैयारी, कई बार, सबसे बड़े जोखिम को टाल देती है।

bottom of page